बेंगलुरु। विजय दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर आर्यावर्त पब्लिकेशन प्राइवेट लिमिटेड के कन्नड़ संस्करण “परिवर्तन प्रभा” के तत्वावधान में कर्नाटक रत्न अवॉर्ड समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के इंस्पेक्टर जनरल दिनेश कुमार यादव तथा गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में मेजर जनरल वी.पी.एस. भाकुनी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और श्री गणेश वंदना के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र में मेजर जनरल वी.पी.एस. भाकुनी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को परिवर्तन प्रभा की ओर से सम्मानित किया।
अपने संबोधन में मेजर जनरल भाकुनी ने 16 दिसंबर – विजय दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 1971 के युद्ध में पाकिस्तान के लगभग 93 हजार सैनिकों के आत्मसमर्पण के साथ बांग्लादेश का जन्म हुआ। उन्होंने बताया कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यह विश्व इतिहास की सबसे बड़ी सैन्य आत्मसमर्पण की घटनाओं में से एक थी। यह दिन हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक है, जिसने भारत को वैश्विक मंच पर एक सशक्त पहचान दिलाई।इसके पश्चात आर्यावर्त पब्लिकेशन के चेयरमैन डॉ. प्रशांत गोयंका, निदेशक बी.एस. सत्य कुमार, सुप्रीत एस. कुमार एवं विशेष अतिथि डॉ. सतीश गोयल ने संयुक्त रूप से मेजर जनरल भाकुनी को सम्मानित किया।मुख्य अतिथि बीएसएफ आईजी दिनेश कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि मीडिया का दायित्व केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि समाज को दिशा देना भी है।
उन्होंने देश की सुरक्षा में बीएसएफ की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि 1971 के युद्ध में भी बल का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। एक बड़ी यूनिट का नेतृत्व करने पर उन्होंने गर्व व्यक्त किया और आयोजकों को बधाई दी।सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दीप्ति विजय द्वारा प्रस्तुत भरतनाट्यम नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद गायक विमल पवार की देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति पर सभागार देशप्रेम के रंग में रंग गया। इस अवसर पर मेजर जनरल भाकुनी ने भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आनंद लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए ग्रुप चेयरमैन डॉ. प्रशांत गोयंका ने कहा कि 16 दिसंबर भारतीय इतिहास का अविस्मरणीय दिन है। उन्होंने बताया कि कार्यदिवस होने के बावजूद इस दिन समारोह आयोजित करने का उद्देश्य नई पीढ़ी को विजय दिवस के महत्व से जोड़ना है।इस अवसर पर 1971 युद्ध के वीर सैनिक एवं स्टार ऑफ कर्नाटक अवॉर्ड से सम्मानित अजमेर सिंह सोढ़ी ने लोंगेवाला पोस्ट की युद्ध स्मृतियां साझा कीं, जिससे पूरा सभागार भावविभोर हो उठा।
सम्मानित विभूतियां:
कर्नाटक रत्न अवॉर्ड 2025 – रावना उमा देवी
कर्नाटक एक्सीलेंस अवॉर्ड 2025 – डॉ. राघवेंद्र सिंह
कर्नाटक आइकन अवॉर्ड – मंजुनाथ वी., तरुण सुधीर
कर्नाटक ग्लोरी अवॉर्ड – एस.के. अनंता, बी.के. मोहन कुमार
कर्नाटक राइजिंग स्टार अवॉर्ड – सचिन धनपाल पाटिल
कर्नाटक एक्सीलेंस अवॉर्ड – हर्ष नारायण, श्री वी.एन. श्रीधर गुरुजी
कर्नाटक गौरव अवॉर्ड – कृष्ण कुमार गौड़ा
स्टार ऑफ कर्नाटक अवॉर्ड – अजमेर सिंह सोढ़ी, एम.एन. चंद्रशेखर
कार्यक्रम में एनसीसी कर्नाटक 9वीं बटालियन के कैडेट्स की सहभागिता ने अनुशासन और देशभक्ति का संदेश दिया।समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात आयोजित भोज में अतिथियों ने सहभागिता की। अंत में आयोजकों ने एपेक्स स्टील एंड सरिया, श्री श्री रवि शंकर आयुर्वेद एवं द गोल्डन फार्म्स रिज़ॉर्ट सहित सभी प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन द गोल्डन फार्म्स रिज़ॉर्ट में संपन्न हुआ।