कर्नाटक में एक व्यक्ति की हत्या, सात लोग गिरफ्तार

कोप्पल (कर्नाटक): कर्नाटक के कोप्पल में कथित तौर पर दुश्मनी और संपत्ति विवाद के कारण बेकरी के अंदर 35 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना 31 मई को कुष्टगी तालुक के तवरगेरा कस्बे में हुई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई।

पुलिस ने बताया कि हत्या के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है वहीं तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

सोशल मीडिया मंच पर सार्वजनिक हुए फुटेज में आरोपियों को पीछा करते और चनप्पा नरिनाल को चिल्लाते हुए बेकरी में घुसते देखा जा सकता है। बेकरी के अंदर बदमाशों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और उस पर चाकू से हमला किया। बदमाशों ने उसके सिर पर लाठी से भी वार किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

कोप्पल के पुलिस अधीक्षक एल आर अरासिद्दी ने बताया, ‘‘हत्या में शामिल 10 लोगों में से हमने सात को गिरफ्तार कर लिया है जिनमें वे चार लोग भी शामिल हैं जिन्होंने उस व्यक्ति पर हमला किया था। शेष तीन आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।’’

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 2022 के नगर पंचायत चुनाव के बाद हुए पारिवारिक विवाद के कारण यह हमला किया गया है। प्रथम दृष्टया यह पुरानी रंजिश और संपत्ति विवाद का नतीजा लग रहा है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *