हिमंत ने भारत का पक्ष रखने के लिए थरूर, ओवैसी और सुले की प्रशंसा की; राहुल पर निशाना साधा

(परिवर्तन)

गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद देश की जवाबी कार्रवाई के मद्देनजर विदेशी धरती पर भारत का पक्ष रखने के लिए शशि थरूर, असदुद्दीन ओवैसी और सुप्रिया सुले जैसे विपक्षी नेताओं की सोमवार को प्रशंसा की, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देश और सशस्त्र बलों के साथ ‘‘विश्वासघात’’ करने का आरोप लगाया।

राज्य विधानसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर एक प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी लगातार भारत को हुए नुकसान के बारे में पूछ रहे हैं, लेकिन कभी यह नहीं जानना चाहा कि सैन्य संघर्ष में पाकिस्तान को कितना नुकसान हुआ।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस और अन्य विपक्षी नेताओं, विशेषकर शशि थरूर का आभारी हूं, जिन्होंने विदेशी धरती पर भारत का पक्ष दृढ़ता से रखा है। न केवल उन्होंने, बल्कि असदुद्दीन ओवैसी और सुप्रिया सुले जैसे नेताओं ने भी विदेशी धरती पर भारत का प्रतिनिधित्व किया और राष्ट्र का पक्ष रखा।’’

भाजपा नेता शर्मा ने आरोप लगाया, ‘‘वे सभी भारत के लिए खड़े थे। लेकिन लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने देश के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने सशस्त्र बलों के साथ विश्वासघात किया है।’’

उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान के साथ सशस्त्र संघर्ष में भारत के नुकसान पर कथित तौर पर सवाल उठाने के लिए गांधी की आलोचना की।

गांधी पर हमला करते हुए शर्मा ने दावा किया, ‘‘सैन्य संघर्ष के बाद नुकसान के बारे में पूछना एक अलग बात है, लेकिन उन्होंने उस समय भारत के नुकसान के बारे में पूछा, जब यह लड़ाई चल रही थी। हालांकि, उन्होंने कभी पाकिस्तान के नुकसान के बारे में नहीं पूछा।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *