हिमाचल: मणिकर्ण गुरुद्वारे के पास भूस्खलन के बाद वाहनों पर पेड़ गिरने से छह लोगों की मौत

शिमला (परिवर्तन): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में गुरुद्वारा मणिकर्ण साहिब के पास रविवार को हुए भूस्खलन के बाद एक बड़ा पेड़ कई वाहनों पर गिर गया, जिससे छह लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि गुरुद्वारे के सामने पहाड़ पर एक पेड़ तूफान और भूस्खलन के बाद उखड़ गया। उन्होंने बताया कि यह सड़क पर खड़े कुछ वाहनों पर गिर गया, जिससे छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

कुल्लू के उपसंभागीय मजिस्ट्रेट विकास शुक्ला ने घटनास्थल पर संवाददाताओं को बताया कि चिकित्सा दल, पुलिस और राजस्व अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और बचाव एवं राहत कार्यों का समन्वय कर रहे हैं।

कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि एक दुखद घटना में मणिकर्ण गुरुद्वारे के सामने पहाड़ से एक बड़ा पेड़ सड़क पर खड़े वाहनों पर गिर गया, जिससे छह लोगों की मौत हो गई।

ठाकुर के मुताबिक, जिस जगह पेड़ गिरा, वहां कुछ रेहड़ियां और वाहन खड़े थे। उन्होंने बताया कि मृतकों में बेंगलुरु का एक पर्यटक और दो स्थानीय निवासी शामिल हैं, जबकि तीन अन्य की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

अधिकारियों के अनुसार, सभी घायलों को कुल्लू के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

सुक्खू ने जिला प्रशासन को पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से घायलों के लिए सर्वोत्तम संभव उपचार सुनिश्चित करने को कहा है।

सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो बड़े पैमाने पर साझा किए जा रहे हैं, जिनमें लोग यह कहते सुने जा रहे हैं कि घटना के बाद पहले घंटे में कोई मदद नहीं पहुंची।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *