अमेरिका-असम संबंधों को नई दिशा देने पर जोर, बोले अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर

गुवाहाटी, 12 मई (भाषा): सर्जियो गोर ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका और असम के बीच व्यापारिक एवं आर्थिक सहयोग की अपार संभावनाएं हैं तथा दोनों पक्ष भविष्य में और अधिक लाभकारी अवसरों की तलाश करेंगे।

अमेरिकी राजदूत गुवाहाटी में आयोजित मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। शर्मा ने लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

गोर ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अमेरिका और असम के बीच कई नए व्यावसायिक एवं निवेश संबंध विकसित किए जा सकते हैं, जो दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद होंगे।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री के साथ भाजपा नेता रामेश्वर तेली और अजंता नियोग, असम गण परिषद के अतुल बोरा तथा बीपीएफ के चरण बोरो ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण सहित कई वरिष्ठ नेता, राजनयिक और उद्योग जगत की हस्तियां मौजूद रहीं।

खानापारा स्थित वेटरनरी मैदान में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *